लोकसभा चुनाव में खलल डालने की साजिश के तहत रविवार को आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले के पांपोर इलाके में नेकां के युवा नेता यावार मसूदी के घर हमला कर दिया।
इसमें दो पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल अब्दुल हमीद और कांस्टेबल विनोद कुमार शहीद हो गए। हमला कर आतंकियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के हथियार भी साथ लेकर फरार होने की कोशिश की। पर आतंकी हमले की सूचना मिलते ही हरकत में आए सुरक्षा बलों ने भाग रहे आतंकियों का पीछा कर मुठभेड़ में दोनों को मार गिराया।
गौरतलब है कि अनंतनाग संसदीय सीट के लिए 24 अप्रैल को मतदान होना है। हमले के दौरान नेकां नेता घर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। गोलीबारी में उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है।