जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में बटमालू थाना क्षेत्र के नूर इकबालाबाद इलाके में बुधवार की सुबह इमाम के दो मासूम बच्चों की गला रेत कर हत्या कर दी गई। हमले में इमाम पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज करके बच्चों के पिता समेत कई लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
मूलरूप से बांडीपोरा जिले के गुरेज इलाके के निवासी इमाम मोहम्मद इफ्तियार लोन नूर इकबाला बाद इलाके में स्थित जामिया मस्जिद में इमाम हैं। इसी इलाके में वह एक किराये के मकान में परिवार समेत रहते हैं।
वह बुधवार की सुबह सहरी के समय नमाज अदा करने मस्जिद गए हुए थे। कुछ घंटे बाद सुबह करीब सात बजे घर लौटे तो देखा कि पत्नी नसीमा (40) गंभीर रूप से घायल अवस्था में थीं।
पुत्री आलिया(3) और पुत्र हाशिम (2) के धारदार हथियार से गले रेते गए थे। मौलवी ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को एसएमएचएस अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हालत गंभीर होने की वजह से मौलवी की पत्नी को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस अस्पताल रेफर कर दिया गया।
श्रीनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का दौरा करने के बाद बताया कि दोनों बच्चों की गला रेत कर हत्या की गई है। बच्चों की मां अभी बोलने की स्थिति में नहीं है।
इसलिए पुलिस उनके बयान नहीं ले सकी है। महिला के बयान पर ही जांच निर्भर है। उन्होंने बताया कि पुलिस बच्चों के पिता और कुछ अन्य लोगों से इस संबंध में पूछताछ कर रही है।
इधर, घटना की जानकारी होते ही मौके पर काफी लोग जमा हो गए। क्षेत्र में दहशत फैल गई। जिस कमरे में हत्या हुई है, पुलिस ने उसे सील कर दिया है। फोरेंसिक टीम भी जांच कर रही है।