श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी (एसएमवीडीयू) के पांचवें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज की गई हैं। यूनिवर्सिटी में अप्रैल के तीसरे सप्ताह होने वाले इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आना प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार वह कैंपस के मैदान पर एक रैली में भी शिरकत करेंगे। इसके लिए सुरक्षा बढ़ाई गई है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की जा रही है। समारोह में सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार की जा रही है।
19 अप्रैल को होने वाले दीक्षांत समारोह में 2014-15 सेशन के पंद्रह के करीब मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और सर्वश्रेष्ठ छात्र अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। सुरक्षा को लेकर निरंतर आला अधिकारी कैंपस का जायजा ले रहे हैं। सभी विभागों को दुरुस्त बनाया जा रहा है। मरम्मत और रखरखाव के कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।
विश्वविद्यालय को नई शक्ल देने के लिए रंग रोगन का काम तेजी से करवाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि एसएमवीडीयू के दीक्षांत समारोह में भारत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो चुकी हैं। अप्रैल 2008 में हुए यूनिवर्सिटी के पहले दीक्षांत समारोह पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह सहित कई बड़ी शख्सियत ने शिरकत की थी। इसके बाद वर्ष 2010 में दूसरा दीक्षांत समारोह हुआ।
इसी तरह नवंबर 2011 में हुए तीसरे दीक्षांत समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल शामिल रहीं। जबकि फरवरी 2014 को हुए चौथे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति हमीद अंसारी शामिल रहे। आखिरी दीक्षांत समारोह में वर्ष 2012-13 सेशन के 751 डिग्रियां वितरित की गईं।