बकरियां चरा रहे युवक ने गाइड बनने से इंकार किया तो आतंकियों ने उसकी बेदर्दी से पिटाई कर दी। घटना जम्मू के राजोरी जिले के घाई नाला क्षेत्र की है।
शनिवार को युवक घायल अवस्था में पुलिस के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। वहीं दूसरी ओर एसओजी और सेना की 38 आरआर ने शनिवार को राजोरी से पांच किलोमीटर दूर आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद किए हैं।
मनियाल गांव का सरफराज पुत्र शब्बीर अहमद शुक्रवार को अपने गांव से दूर घाई और देबू नाला में भेड़-बकरियां चरा रहा था। वहां से गुजर रहे चार आतंकवादियों के दल ने युवक को गाइड बनने के लिए कहा।
युवक ने जब मना कर दिया तो आतंकियों ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर अधमरा कर फेंक दिया। कुछ घंटों के बाद सरफराज होश में आया तो वह थाने पहुंचा।
पुलिस ने सरफराज का थन्नामंडी अस्पताल में उपचार करवाया और मामला दर्ज किया। इसकी पुष्टि राजोरी के डीएसपी आपरेशन एजाज अहमद शेख ने भी की।
उनका कहना है कि राजोरी जिले में चार-पांच आतंकियों का दल मुगला इलाके से लेकर शहादरा शरीफ के जंगलों में घूम रहे हैं। सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
दूसरी ओर गंभीर मुगला में जो आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया गया उससे सुरक्षा बलों को तीन एक 47 की मैगजीन, चार चाइनीज ग्रेनेड, दो पेंसिल सेल और दो पेन किलर इंजेक्शन मिले हैं।
घूम रहा सैफुल्लाह
लश्कर-ए-तयबा का कुख्यात आतंकी डिविजनल कमांडर सैफुल्ला पिछले कुछ महीनों से राजोरी जिले के जंगलों में घूम रहा है। सूत्रों के अनुसार, थन्नामंडी के मानसर, दड़ा, रत्नपीर, सिंगली गली और मंजाकोट ब्लाक के अपर गंभीर मुगला, सेरी और चंडियाल में इसकी मूवमेंट देखी जा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि सैफुल्ला का सेटेलाइट फोन भी दो से तीन बार इन क्षेत्रों में ऑपरेट हुआ, जिसकी सूचना पुलिस के पास भी है।