जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों ने 24 घंटे के दौरान दूसरी बार गुरुवार को पुलवामा जिले के पंपोर कसबे में स्किम अस्पताल के पूर्व निदेशक पर हमला किया।
हमले में डाक्टर घायल हो गए जबकि उनकी सुरक्षा में लगे दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इसी तरह के हमले में बुधवार को बटमालू में एक आतंकी कैदी मारा गया था और चार पुलिसकर्मी समेत पांच लोग घायल हो गए थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार वीरवार को शाम करीब पौने चार बजे आतंकवादियों ने स्किम अस्पताल के पूर्व निदेशक और हृदय रोग विशेषज्ञ डा. शेख जलालुद्दीन पर पंपोर बाजार में घर के समीप अचानक गोलीबारी शुरू कर दी।
इस हमले में पूर्व निदेशक और उनकी सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने दोनों पुलिसकर्मियों को मृत घोषित कर दिया। घायल पूर्व निदेशक की हालत गंभीर बनी हुई है। गोलीबारी से क्षेत्र में दुकानें बंद हो गईं। अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मौके पर पहुंच गया। घटना के बाद फरार आतंकियों की तलाश की जा रही है। पूर्व निदेशक को आतंकी खतरे के मद्देनजर पुलिस सुरक्षा दी गई थी।
कश्मीर घाटी में एक सप्ताह से भी कम समय में तीसरा तथा 24 घंटे के दौरान यह दूसरा आतंकी हमला है। कुपवाड़ा जिले के हंदबाड़ा इलाके में रविवार सुबह आतंकियों ने एक पुलिस कर्मी की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
बुधवार दोपहर आतंकियों ने बटमालू कसबे में एक पुलिस वाहन पर ग्रेनेड से हमला किया था। इसमें एक आतंकी कैदी की मौत हो गई और चार पुलिसकर्मी समेत पांच लोग घायल हुए थे।