गढ़वाल विवि के चौरास (बिड़ला) परिसर में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में अभ्यर्थी 25 अक्तूबर तक फीस जमा कर प्रवेश ले सकते हैं। वाणिज्य संकाय ने एससी, एसटी, ओबीसी व ईडब्लूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए कट ऑफ मेरिट इंटररमीडिएट परीक्षा में 40 प्रतिशत अंक तय की है। जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की कट ऑफ मेरिट 57 प्रतिशत है।
बीकॉम प्रवेश समिति चौरास परिसर के संयोजक प्रो. एके पोखरियाल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी का प्रयोग कर ऑनलाइन फीस जमा कर सकते हैं। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर है। इसके बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरी वरीयता सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन प्रवेश अस्थायी (प्रोविजनल) होगा। प्रो. पोखरियाल ने बताया कि बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के लिए 1310 रुपये फीस निर्धारित की गई है। इसमें 900 रुपये ट्यूशन फीस, 300 रुपये कॉशन मनी और 110 डीएसडब्लू फीस है।