जल विद्युत परियोजना की ओर से नदी में अधिक पानी छोड़े जाने पर एक ट्रक के साथ 16 मजदूर टापू में फंस गए। करीब तीन घंटे तक टापू में फंसे रहने के बाद जब नदी का जल स्तर कम हुआ तब जाकर फंसे मजदूरों ने राहत की सांस ली। पानी कम होने पर सभी लोग टापू से सुरक्षित बाहर निकल आए।
रविवार को श्रीयंत्र टापू के पास खनन पट्टे में खनन कर रहे 16 मजदूरों व ट्रक चालक में अफरा तफरी मच गई जब श्रीनगर जल विद्युत परियोजना की ओर से अधिक पानी छोड़े जाने से अचानक नदी का जल स्तर बढ़ने लगा। सभी लोग अलकनंदा नदी के मध्य श्रीयंत्र टापू में फंस गए। करीब तीन घंटे तक टापू में फंसे रहने के बाद जब नदी का जल स्तर कम हुआ। इसके बाद लोग टापू से सुरक्षित बाहर निकल आए। जबकि वाहन अभी भी नदी में फंसा पड़ा है।
श्रीनगर जल विद्युत परियोजना झील से छोड़ा जाने वाला पानी आए दिन लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इससे पूर्व भी इस तरह घटना सामने आ चुकी है।
परियोजना कंपनी को समस्या से पहले भी अवगत करवाया गया है। अगर भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटेगी तो परियोजना कंपनी स्वयं जिम्मेदार होगी। साथ ही मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी।
मायादत्त जोशी , उपजिलाधिकारी