श्रीनगर में शराब की दुकान में तालाबंदी के बाद जमा लोग
- फोटो : amar ujala
अलकनंदा किनारे गोतीर्थाश्रम के समीप संचालित की जा रही शराब की दुकान पर महिलाओं ने तालाबंदी कर चाबी आबकारी निरीक्षक को सौंपी। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और शराब कारोबारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस स्थान पर शराब की दुकान संचालित की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
अलकनंदा नदी किनारे गोतीर्थाश्रम के समीप शराब की दुकान संचालित किए जाने का महिलाएं व गोतीर्थाश्रम समिति पूर्व से विरोध कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को महिलाओं को जैसे ही सूचना मिली कि उक्त स्थान पर शराब की बिक्री शुरू कर दी गई है। तो बड़ी संख्या में महिलाएं व गढ़वाल विवि के छात्रों ने मौके पर पहुंचकर दुकान को बंद करवा दिया।
छात्रनेता आयुष नेगी ने कहा कि जिस स्थान पर दुकान संचालित की जा रही है उसके समीप ही दो स्कूल संचालित हो रहे हैं। साथ ही यह रास्ता चौरास व नैथाणा क्षेत्र को श्रीनगर से जोड़ता है।
गोतीर्थाश्रम समिति के अध्यक्ष प्रेमबल्लभ नैथानी ने कहा कि पूर्व में डीएम भी इस स्थान पर शराब की दुकान संचालित न किए जाने की बात कह चुके हैं।
बाद में आंदोलनकारी महिलाओं ने दुकान पर तालाबंदी कर चाबी आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार को सौंप दी। आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उक्त स्थान पर दुकान संचालित नहीं की जाएगी। विरोध करने वालों में पुष्पेंद्र पंवार, विभोर बहुगुणा, संजय घिल्डियाल आदि शामिल थे।