शराब की दुकान के विरोध में नारेबाजी करते लोग
- फोटो : amar ujala
बाजार क्षेत्र में स्थित शराब की दुकान पर मंगलवार रात्रि महिलाओं ने धावा बोल दिया। लाठी-डंडे लेकर पहुंची महिलाओं ने दुकान बंद कराई और देर रात तक दुकान के आगे ही डटी रही। बुधवार को भी महिलाओं ने दुकान नहीं खुलने दी।
बता दें कि कीर्तिनगर बाजार में संचालित शराब की दुकान सुप्रीम कोर्ट के आदेश के दायरे में नहीं आ रही है, लेकिन इस दुकान का विरोध पहले से किया जाता रहा है। इसकी वजह दुकान के नजदीक अंबेडकर पार्क, मंदिर, बैंक व स्कूल हैं। मंगलवार शाम महिलाएं दुकान के आगे बैठ गई। उन्होंने किसी को भी दुकान में नहीं घुसने दिया, जिसके चलते उनकी कई बार लोगों से नोंक-झोंक भी हुई।
महिलाओं के तेवर देखकर शराब खरीदने आ रहे लोग भी खिसक गए। महिलाएं रात लगभग 9 बजे तक दुकान के आगे बैठी रही। बुधवार सुबह महिलाएं पुन: दुकान में पहुंच गई, जहां उन्होंने धरना देते हुए कहा कि इस दुकान के कारण नगर क्षेत्र सहित आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है।
शराबियों के हुड़दंग से महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंनेे उप जिलाधिकारी के माध्यम से जिला अधिकारी को ज्ञापन भेजते हुए दुकान बंद कराने की मांग की। धरने में मुन्नी देवी, सीमा देवी, शांति देवी, रामी देवी, उर्मिला देवी, संगीता देवी व मोहनी देवी आदि बैठे।