विकासखंड के महड़ आमणी क्षेत्र के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अवैध कनेक्शन दिए जाने से ग्रामीणों को आए दिन पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है।
शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य अनीता देवी व आम आदमी पार्टी के गबर सिंह बंगारी के नेतृत्व में क्षेत्र के कांडी, गुसांई, महड़, कोटी, प्यूखरी आदि गांवों के ग्रामीण जल स्थान कार्यालय पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने यहां जल संस्थान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। कहा कि वह विगत छह माह से समस्या से जूझ रहे है। उन्हें प्राकृतिक जल स्रोत और हैंडपंपों से प्यास बुझानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने समस्या को लेकर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नरेश पाल को मांगों का ज्ञापन सौंप समस्या के समाधान की मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों को बताया कि योजना अधिक जर्जर हो चुकी है। शीघ्र ही इसका पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को शीघ्र ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रधान अनिल कुमार, रेखा देवी, नवीन कुमार, श्रीकांत आदि शामिल थे। संवाद