सौड़ मल्ला गांव में एक किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में छत की बल्ली से लटका हुआ मिला। पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि परिजन इस संबंध में कुछ नहीं कह रहे है।
डुंगरीपंथ के समीप स्थित सौड़मल्ला गांव निवासी राजेंद्र रावत की बेटी निशा (16) का शव घर के अंदर छत की बल्ली से चुन्नी के सहारे लटका हुआ मिला। निशा के पिता राजेंद्र रावत जनता इंटर कालेज भट्टीसेरा में चतुर्थश्रेणी कर्मी है, जबकि दादी गांव के प्राथमिक विद्यालय में भोजनमाता है। शनिवार सुबह निशा के पिता व दादी दोनों स्कूल चले गए।
निशा की मां व चाची घर के कामों में व्यस्त थी। करीब 12 बजे निशा की मां जब कमरे में गई, तो निशा को बल्ली के सहारे चुन्नी से लटका देखा। मां के शोर मचाने पर चाची भी कमरे में पहुंची। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। मृतका ने कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा है।