श्रीनगर गढवाल विवि में अपनी मांगो को लेकर कुलसचिव एके झा से वार्ता करते छात्र
- फोटो : amar ujala.
छात्रों के गुस्से के बाद गढ़वाल विवि प्रशासन ने एमएड प्रथम सेमेस्टर व बीएड द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। पिछले डेढ़ वर्षों से गढ़वाल विवि यह परीक्षाएं आयोजित नहीं करा पाया था। अब एमएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 19 से और बीएड द्वितीय सेमेस्टर की 26 से होगी।
बृहस्पतिवार को परीक्षा तिथि घोषित किए जाने की मांग को लेकर बिड़ला परिसर छात्र संघ छात्रा प्रतिनिधि शिवानी पांडे के नेतृत्व में बीएड व एमएड के छात्रों ने कुलसचिव के समक्ष कड़ा आक्रोश जताया। इस दौरान छात्र संघ छात्रा प्रतिनिधि शिवानी पांडे ने कहा कि बीएड व एमएड सत्र 2015-17 का सत्र अनियमित हो गया है।
कहा कि विवि प्रशासन ने पिछले डेढ़ वर्ष से बीएड द्वितीय सेमेस्टर व एमएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित नहीं कराई है, जिससे द्विवर्षीय बीएड पाठ्यक्रम तीन वर्ष से अधिक समय तक चलेगा।
पांडे ने कहा कि छात्र पिछले एक वर्ष से प्रशासन से परीक्षाएं आयोजित कराए जाने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रशासन छात्रों की मांग को गंभीरता से नहीं ले रहा है। बीएड के छात्र अतुल सती ने कहा कि समय पर पाठ्यक्रम पूरा न होने से छात्रों को भविष्य में कई परेशानियां होंगी।
वहीं कुलसचिव डा. एके झा ने कहा कि एमएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 19 दिसंबर व बीएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 26 दिसंबर से आयोजित की जाएंगी। कुलसचिव ने छात्रों को लिखित में यह आश्वासन दिया।