विकासखंड देवप्रयाग के मुख्यालय हिंडोलाखाल में एनसीसी संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने अकादमी स्थापना मामले में राज्य सरकार और क्षेत्रीय विधायक के रुख पर आक्रोश जताया। कहा कि मामले में अब ग्रामीण नैनीताल हाईकोर्ट में मजबूत पैरवी करेंगे।
रविवार को हिंडोलाखाल में एनसीसी संघर्ष समिति की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि श्रीकोट माल्डा में स्वीकृत एनसीसी अकादमी को राज्य सरकार जबरन पौड़ी ले जा रही है। इसके विरोध में क्षेत्रीय जनता ने आंदोलन किया। बाद में मामले में नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई। न्यायालय ने जनता के हक में फैसला दिया, लेकिन राज्य सरकार ने पुनर्विचार याचिका दाखिल की। अब न्यायालय ने अकादमी पौड़ी शिफ्टिंग करने पर दो सप्ताह की रोक लगाई है। तय किया किया गया कि न्यायालय में क्षेत्रीय जनता मजबूती से पैरवी करेगी। न्यायालय में पैरवी करने के लिए प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया। साथ ही क्षेत्रीय जनता के साथ दोबारा से आंदोलन को शुरू किया जाएगा। बैठक में एनसीसी संघर्ष समिति के संयोजक जयपाल पंवार, जनहित याचिकाकर्ता गबर सिह बंगारी, नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग कृष्ण कांत कोटियाल, जितेंद्र उनियाल, रणवीर सिंह बिष्ट, मनबर सिह कठैत, रजनीश कांत तिवाड़ी, रिंकू बिष्ट, विजय पंवार, अरविंद सजवाण, रघुवीर सिंह रावत, आशीष पंवार और गणेश भट्ट आदि मौजूद थे।