अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के यूथ विंग ने श्रीनगर अध्यक्ष यासिर मंडू के नेतृत्व में सोमवार को श्रीनगर के एमए रोड स्थित पार्टी मुख्यालय से भाजपा कार्यालय की ओर प्रदर्शन मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक लिया और प्रदर्शन मार्च को नाकाम कर दिया।
युवा कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं की ओर से भाजपा कार्यालय घेराव के आह्वान के बाद दोपहर के समय सभी पार्टी कार्यालय में इकट्ठा हुए। हालांकि पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता समेत अन्य कई कार्यकर्ताओं को कार्यालय परिसर में ही रोक दिया। मंडू ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पक्षपात पूर्ण तरीके से काम किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पहले भाजपा नेताओं को बिना रुकावट उनके कार्यालय तक पहुंचने दिया था लेकिन युवा कांग्रेस को उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान ऐसा सहयोग नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के महत्व से समझौता किया है और निजी हितों को देश के हित से ऊपर रखा है।
वरिष्ठ युवा कांग्रेस नेता वलीद कर्रा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और एआई समिट में हाल ही में हुई शर्मनाक घटना के लिए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से देश को शर्मिंदगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की हरकतें भाजपा के बर्ताव के पैटर्न को दिखाती हैं जो देश की साख को कमजोर करती हैं।
पुलिस के रोकने के बावजूद युवा कांग्रेस के नेताओं ने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीकों से उन मुद्दों को उठाते रहने का अपना वादा दोहराया जिन्हें उन्होंने जनता और देश के हित में बताया। इस मौके पर मोहम्मद शफी, साकिब सुल्तान, सैयद इकबाल, मुज्तबा दीवान, बशारत बशीर, ओवैस अहमद, समीर भट, मुसादिक मेहराज और कई अन्य युवा नेता और वर्कर मौजूद थे।