- उद्घाटन मुकाबले में सेना ने जीते तीनों पदक, महिलाओं में सीआरपीएफ आगे
- उपराज्यपाल ने किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री और खेल मंत्री भी रहे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
गुलमर्ग। खूबसूरत फूलों की घाटी गुलमर्ग जो इस वक्त बर्फ से ढकी है, सोमवार को वंदे मातरम के गीत से गूंज उठी। मौका था खेलो इंडिया के छठे विंटर गेम्स के उद्घाटन का। दिल्ली से आए कलाकारों के दल ने मंच को देशभक्ति के रंग से ओतप्रोत कर दिया। पहले दिन दो मुकाबले हुए। पुरुषों में सेना के जवान और महिलाओं में सीआरपीएफ की खिलाड़ी छाई रहीं। उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दीप जलाकर किया। इसके बाद शुरू हुए रंगारंग कार्यक्रमों में देशभक्ति के गीतों पर दिल्ली से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी। वंदे मातरम, मां तुझे सलाम और अन्य गीतों के प्रदर्शन के दौरान उपस्थित खिलाड़ी और अधिकारी भारत माता की जय के नारे लगाते दिखे। कार्यक्रम के बाद उपराज्यपाल ने खेल प्रारंभ करने का मंच से औपचारिक निर्देश दिया।
इस दौरान खेल मंत्री सतीश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, गुलमर्ग से लेजिस्लेटिव असेंबली के सदस्य फारूक अहमद शाह, मुख्य सचिव अटल डुल्लू, कमिश्नर सेक्रेटरी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी, आईजीपी कश्मीर वीके बिरदी, मंडलायुक्त अंशुल गर्ग, मेजर जनरल पुनीत डोभाल, कमांडेंट, उपायुक्त मिंगा शेरपा, स्पोर्ट्स काउंसिल की सचिव नुजहत गुल व अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।
स्वर्ण, रजत और कांस्य तीनों पदक पर सेना का कब्जा
विंटर गेम्स में अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और स्की माउंटेनियरिंग जैसे खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। इस आयोजन में करीब 900 खिलाड़ी और 300 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को उद्घाटन मुकाबला नॉर्डिक स्की में पुरुष वर्ग में स्प्रिंट का हुआ। इसमें सेना के सनी सिंह ने स्वर्ण, सेना के शुभम परिहार ने रजत और सेना के मंजीत ने कांस्य पदक जीता। इसके बाद नॉर्डिक स्की में महिला वर्ग में 15 किमी का मुकाबला हुआ। इसमें सीआरपीएफ की काजल कुमारी ने स्वर्ण, सीआरपीएफ की रेणु दान ने रजत और कर्नाटक की भवानी टीएन ने कांस्य पदक जीता। मुख्य मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे।