फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: घाटी में ऊपरी पहाड़ाें पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश

विज्ञापन
कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी। संवाद
विज्ञापन
- दिन में ज्यादातर जगहों पर नहीं निकली धूप, अधिकतम तापमान गिरा
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार रात को और शनिवार सुबह बर्फबारी हुई। पीर की गली, सिंथन टॉप और अहारबल के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से इन इलाकों में मौसम ने करवट ली। वहीं शनिवार को सुबह बांदीपोरा के गुरेज के ऊपरी इलाकों में भी बर्फबारी हुई। श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर दोपहर के समय हल्की बारिश भी हुई। इससे अधिकतम तापमान में भी कमी आई है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में अगले 10 दिनों के दौरान मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ चुनिंदा हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का एक दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि, इस दौरान किसी भी प्रकार के बड़े मौसमी विक्षोभ की संभावना नहीं है और अधिकांश दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।
विज्ञापन

25 अक्तूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट हल्की बारिश अथवा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की फुहारें पड़ सकती हैं। दिन के अधिकांश समय मौसम सामान्य रहेगा और किसी बड़ी मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है। 26 से 28 अक्तूबर को मौसम शुष्क और साफ रहने की उम्मीद है। धूप खिलने से दिन का तापमान सामान्य रहेगा, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 29 और 30 अक्तूबर को मौसम अधिकांशतः शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ सीमित इलाकों में अल्पकालिक हल्की बारिश या हिमपात की बौछार से पूरी तरह इन्कार नहीं किया जा सकता। 31 अक्तूबर से 2 नवंबर तक मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुष्क मौसम और रात के तापमान में आ रही गिरावट के चलते घाटी में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। किसानों और बागवानों को इस मौसम पूर्वानुमान के अनुरूप अपने कृषि कार्यों और सेब तुड़ान/पैकिंग को सुचारु रखने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन

श्रीनगर में
अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम

शनिवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। काजीगुंड में अधिकतम तापमान 20.6, न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। पहलगाम में अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है। गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें