बारामुला। उत्तरी कश्मीर के टंगमर्ग गुलमर्ग नगर समिति ने टंगमर्ग क्षेत्र में बाजार जांच अभियान के दौरान नगरपालिका अधिकारियों पर मारपीट के आरोपों के बाद उपमंडल मजिस्ट्रेट गुलमर्ग से हस्तक्षेप की मांग की है। इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
नगर समिति द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह घटना सड़क अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से चलाए गए अभियान के दौरान हुई। टोल पोस्ट के पास बड़ी संख्या में टोपियां, दस्ताने और मोजे बेचने वाले विक्रेता थे जिससे यातायात जाम और प्लास्टिक कचरा फैला था। जांच अभियान के दौरान प्रक्रिया के अनुसार विक्रेताओं के कुछ सामान जब्त किए गए।
जब्ती प्रक्रिया चल रही थी, तब एक अज्ञात व्यक्ति ने घटना का वीडियो जिसमें नगरपालिका अधिकारी द्वारा विक्रेता पर हमला दिखाया गया रिकॉर्ड किया गया और बाद में सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया गया जिससे विवाद उत्पन्न हो गया तथा नगरपालिका स्टाफ पर आरोप लगे।
वायरल वीडियो में दिख रहे अधिकारी की पहचान कर ली गई है और रिपोर्ट के साथ संलग्न किया गया है। मामले के तथ्यों की जांच के लिए एक जांच समिति गठित की गई है, जिसे तीन दिनों के भीतर विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
नगर समिति ने एसडीएम गुलमर्ग से मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है ताकि जांच के निष्कर्षों के आधार पर स्पष्टता और उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने और सक्षम प्राधिकारी द्वारा जांच के बाद ही आगे की कोई कार्रवाई, यदि आवश्यक हो की जाएगी। संवाद