बारामुला में उड़ी मार्ग पर हुआ भूस्खलन। संवाद
बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बारामुला के उड़ी में रविवार को एक जबरदस्त भूस्खलन हुआ। इससे उड़ी-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा। इस घटना को कुछ लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में भी कैद किया। इसमें चट्टानें और मलबा तेजी से हाईवे पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वजह से गाड़ियों को सुरक्षा के लिए तुरंत रोकना पड़ा।
भूस्खलन के कारण इस व्यस्त सड़क पर यातायात रोक दिया गया। इस सड़क के दोनों ओर कई गाड़ियां फंसी रह गईं। यात्रियों ने कहा कि अधिकारियों से उम्मीद है कि वे सड़क संपर्क बहाल करने के लिए मलबा हटाने का काम शुरू करेंगे।
खास बात यह है कि पिछले 15 दिन में इस इलाके में यह तीसरा भूस्खलन है। इससे इस सड़क पर चलने वाले यात्रियों के प्रति बढ़ते जोखिम को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से उड़ी-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करते समय सावधानी बरतने और जारी किए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संवाद