- उपायुक्त ने हज हाउस से दिखाई हरी झंडी, दुआओं के साथ ली आजमीनों ने विदा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हज यात्रियों के पहले जत्थे को विदा किया। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर से हज यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
इससे पहले शनिवार सुबह हज यात्रियों का जत्था हज हाउस से बसों के माध्यम से श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए रवाना हुआ। इसे उपायुक्त अक्षय लाबरू ने हरी झंडी दिखाई। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री ने हज यात्रियों से बातचीत की। उनकी सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक यात्रा की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पाक हज यात्रा करुणा, एकता और भाईचारे के मूल्यों को और मजबूत करेगी। हज यात्रियों को संबोधित करते मुख्यमंत्री ने हज यात्रा के सफल समापन के लिए दुआ की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में स्थायी शांति, सद्भाव और समृद्धि के साथ-साथ वहां के लोगों के कल्याण के लिए दुआ करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, संभागीय आयुक्त कश्मीर व अन्य अधिकारी मौजूद थे। धिकारियों ने बताया कि हज यात्रा के पहले चरण के तहत श्रीनगर हवाई अड्डे से 431 यात्रियों को लेकर तीन उड़ानें रवाना हुईं। इस तीर्थयात्रा को सुगम बनाने के लिए 18 अप्रैल से 5 मई, 2026 के बीच 28 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इस वर्ष, जम्मू-कश्मीर से 4,706 हज यात्री हज यात्रा करेंगे।
इससे पहले हज हाउस पर शनिवार सुबह इस उपायुक्त श्रीनगर अक्षय लाबरू तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप चक्रवर्ती ने आजमीनों को शुभकामनाएं दीं और उनकी पाक हज यात्रा के लिए सुरक्षित एवं सुखद सफर की दुआ की। इस दौरान एसएसपी सिक्योरिटी कश्मीर सज्जाद खालिक भट, अतिरिक्त उपायुक्त मीर इम्तियाज उल अजीज, मुख्य योजना अधिकारी फैयाज अहमद डार, हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी डॉ. शुजात अहमद कुरैशी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. फारूक ने हज यात्रियों को दी मुबारकबाद
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को जम्मू और कश्मीर तथा देश के बाकी हिस्सों से पवित्र शहरों मक्का और मदीना की वार्षिक हज यात्रा पर जा रहे सभी हज यात्रियों को अपनी दिली मुबारकबाद और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हज इबादत का एक गहरा अमल है जो दुनिया भर के मुसलमानों के बीच आस्था, कुर्बानी, सब्र और एकता का प्रतीक है। डॉ. फारूक ने हाजियों से अपील की कि वे अपनी खास दुआओं में पूरी इंसानियत को याद रखें और खासकर विश्व शांति और भाईचारे के लिए दुआ करें। अल्लाह ताला सभी हाजियों का हज कबूल करे, उनकी यात्रा में उन्हें आसानी और हिफाजत अता करे, और उन्हें रूहानी तौर पर मालामाल और महफूज वापसी का आशीर्वाद दे। ब्यूरो
मीरवाइज ने हज यात्रियों के लिए की दुआ
श्रीनगर। कश्मीर के मीरवाइज डॉ. मौलाना उमर फारूक ने शनिवार को ट्वीट कर हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर कहा, अल्हम्दुलिल्लाह, आज कश्मीर से हाजियों का पहला जत्था मक्का में बैत-उल-लाह की मुबारक यात्रा के लिए रवाना हो रहा है। मैं उनके सुरक्षित सफर और अल्लाह की बारगाह में उनके हज की कबूलियत के लिए दुआ करता हूं। ब्यूरो