संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत अनंतनाग पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पहले अभियान में पुलिस थाना उटरसू की टीम ने शेखपोरा चुंड गांव के पास मोहम्मद यूसुफ मगरे निवासी चेरपोरा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 715 ग्राम चरस बरामद की गई। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के थाना उटरसू में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
वहीं, दूसरे अभियान में खानपोरा क्रॉसिंग पर नाका जांच के दौरान पुलिस ने जावेद अहमद भट पुत्र अब्दुल खालिक भट निवासी शांगुस को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी लेने पर 158 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।