बारामुला। पट्टन के हैदरबेग इलाके में वीरवार को एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पट्टन के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों के अनुसार हैगाम निवासी गुलाम नबी नजार के बेटे रईस अहमद नजार और जावेद अहमद नजार अपनी ईको कार से हैगाम लौट रहे थे। पट्टन के हैदरबेग इलाके में सामने से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए पट्टन के ट्रॉमा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने रईस अहमद नजार को मृत घोषित कर दिया जबकि उसके भाई को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद