कुपवाड़ा के साधना पास में रास्ता बनाने के बाद मरीजों को लेकर जाती एंबुलेंस। संवाद
कुपवाड़ा। जिला प्रशासन की ओर से वीरवार की रात साधना पास में फंसे तीन गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सुरक्षित निकालकर जीएमसी हंदवाड़ा पहुंचाया गया। इनमें एक बच्चा भी था।
अधिकारियों के मुताबिक यह बचाव अभियान तब चलाया गया जब बीकन 109 आरसीसी ने भारी बर्फ को हटाकर साधना पास पर आपातकालीन आवागमन की अनुमति दी। इस बचाव अभियान का नेतृत्व तहसीलदार करनाह मोहम्मद अमीन भट ने किया। सेना, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, 109 आरसीसी प्रोजेक्ट बीकन और जिला प्रशासन टीमों ने मरीजों को एसडीएच टंगधार पहुंचाया। यहां से रात 11:40 बजे मरीजों को लेकर दो एंबुलेंस रवाना हुईं जो सुबह 4.15 बजे जीएमसी हंदवाड़ा पहुंचीं। जिला प्रशासन ने चिकित्सा टीमों, एंबुलेंस चालकों, सुरक्षा बलों और संबंधित विभागों के साहस की सराहना की। संवाद