संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर के लाल चौक में आयोजित विशाल रैली के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जीवी संदीप ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी दी है कि वे इस अवैध कारोबार को छोड़ दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में करीब 30,000 लोगों ने स्वेच्छा से भाग लिया जो समाज में बढ़ती जागरूकता और समर्थन को दर्शाता है। एसएसपी ने कहा कि श्रीनगर पुलिस ने रैली के लिए पुख्ता और व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले तीन महीनों के लिए एक स्पष्ट रणनीति तैयार की गई है, जिसके तहत ड्रग नेटवर्क, तस्करों और उनके वित्तीय तंत्र पर विशेष रूप से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। लोगों से सहयोग और जानकारी साझा करने का आग्रह करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। संवाद