अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर गांदरबल पुलिस ने सुरक्षित और सफल आयोजन के लिए तैयारियों की समीक्षा की। विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला पुलिस कार्यालय, गांदरबल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के नोडल अधिकारियों के साथ पुलिस ने समन्वय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी सुधांशु धामा ने की।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, तैनाती की योजना, ट्रैफिक मैनेजमेंट, आपातकालीन स्थिति से निपटने के तंत्र, संचार प्रणालियों और तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं से जुड़े उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने बालटाल बेस कैंप और अन्य कैंपिंग स्थलों पर सभी जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इनमें यात्रियों की सुविधा और कल्याण के लिए रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता, पीने का पानी, बिजली आपूर्ति और अन्य लॉजिस्टिकल जरूरतें शामिल हैं।
अधिकारियों ने आकस्मिक योजनाओं की भी समीक्षा की और यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी स्तरों पर उच्च स्तर की तैयारी, सतर्कता और आपसी तालमेल बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सुरक्षित, शांतिपूर्ण और तीर्थयात्री-अनुकूल माहौल प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमरनाथ यात्रा के सुचारु और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।