श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का लोगो लगाएं : अनंतनाग पुलिस ने सीएपीएफ और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर पहलगाम में किया संयुक्त अभ्यास
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के लिए व्यापक सुरक्षा और तैयारियों के हिस्से के रूप में अनंतनाग पुलिस ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर पहलगाम के नुनवान बेस कैंप पर एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए विभिन्न सुरक्षा और आपदा प्रबंधन एजेंसियों की तैयारियों, आपसी समन्वय और जवाबी कार्रवाई की क्षमताओं को परखना था। एक प्रवक्ता ने बताया कि मॉक ड्रिल के तहत कई काल्पनिक आपातकालीन परिदृश्य तैयार किए गए जिससे भाग लेने वाली सभी एजेंसियों को अपनी परिचालन तत्परता का मूल्यांकन करने और सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने का अवसर मिला।
इस महत्वपूर्ण सुरक्षा अभ्यास में अनंतनाग पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के जवानों और अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। ड्रिल के दौरान मुख्य रूप से त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी संचार व्यवस्था, संकट के समय सुरक्षित निकासी प्रक्रियाओं, भीड़ नियंत्रण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर ध्यान केंद्रित किया गया।
सुरक्षा मामलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर इस पूरे अभ्यास की बारीकी से निगरानी की और हिस्सा लेने वाली टीमों के प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों द्वारा यात्रा सुरक्षा में तैनात सभी एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय सुनिश्चित करने और तैयारियों को और अधिक मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
गौरतलब है कि प्रवक्ता ने बताया कि अनंतनाग पुलिस श्री अमरनाथ यात्रा 2026 में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बाधा रहित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।