अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। श्रीनगर-लद्दाख राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। सोनमर्ग और मीनामर्ग में बर्फबारी और हिमस्खलन के खतरे के बीच सैकड़ों यात्री और मालवाहक गाड़ियां फंसी रह गईं। अकेले सोनमर्ग में करीब 500 गाड़ियां फंसी हुई हैं। जोजिला, मीनामर्ग और गुमरी में बर्फबारी के कारण राजमार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है।
अधिकारी जोजिला सेक्टर में सड़कों के फिसलन भरे होने और कई जगहों पर हिमस्खलन होने के कारण सुरक्षा चिंताओं का हवाला दे रहे हैं। एसएसपी ट्रैफिक (ग्रामीण) कश्मीर चौधरी लियाकत अली ने बताया कि गुमरी और जोजिला में बर्फबारी के कारण एहतियातन ट्रैफिक रोकना पड़ा। जोजिला में कई जगहों पर हिमस्खलन हुआ है। खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए हाईवे पर किसी भी गाड़ी को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
हाईवे तभी खोला जाएगा जब मौसम की स्थिति में सुधार होगा और बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) से मंजूरी मिलेगी। बीआरओ ही इस रास्ते के रखरखाव और मरम्मत के लिए जिम्मेदार है। राजमार्ग बंद होने के कारण यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 19 अप्रैल देर शाम से कश्मीर घाटी में मौसम की स्थिति में सुधार का अनुमान लगाया है जिससे हाईवे पर ट्रैफिक धीरे-धीरे बहाल होने की उम्मीद है।