बारामुला। पुलिस ने चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए अपराध में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
थाना पनजल्ला को सहायक कार्यकारी अभियंता सुहील शफी मीर की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी। इसमें लिफ्ट इरिगेशन स्कीम चैक-गुजरी स्टेशन से उपकरणों की चोरी की सूचना दी गई थी। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। इनमें से उबैद रियाज डार निवासी उन्तू हमाम सोपोर ने अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल की। उसने खुलासा किया कि उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर चोरी की थी। आरोपियों की पहचान कैसर अहमद डार, कैसर नजीर डार,
माजिद अहमद डार उर्फ मुकैब, जावेद अहमद डार व उस्मान नजीर डार के तौर पर हुई है। चोरी किया सामान स्क्रैप डीलर बिलाल अहमद डार निवासी निंगली सोपोर को बेच दिया गया था। पुलिस ने सोपोर स्थित एक गोदाम से चोरी किया गया सामान बरामद किया। संवाद