- श्रीनगर, शोपियां और काजीगुंड में हाईवे पर भी वाहनों की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। गणतंत्र दिवस समारोह से पहले पुलिस ने जिले के संवेदनशील और अन्य स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। नाके लगाकर हर वाहन की गहन तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और घटनारहित आयोजन को सुनिश्चित करना है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को सुरक्षाबलों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर हाईवे पर नाके लगाकर जांच की। इस दौरान काजीगुंड में वाहनों को रोककर सवारियों को उतारकर जांच की गई। वहीं शोपियां और श्रीनगर में बढ़ी हुई सतर्कता के तहत पुलिस टीमों ने संदिग्ध इलाकों, वाहनों और लोगों की गहन जांच की। इतना ही नहीं कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं जबकि किसी भी असामाजिक या अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी बनाए रखने के लिए रात की गश्त को भी बढ़ा दिया गया है।
पुलिस हर आने जाने वाले वाहनों की गहनता के साथ जांच कर रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि वे सुरक्षा बलों के साथ पूरा सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हरकत की तुरंत सबसे नजदीकी पुलिस स्टेशन पर रिपोर्ट करें।