श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के खानसाहिब क्षेत्र में सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को स्कूटी ने टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल की पहचान गुलजार अहमद खान (40) निवासी यारिकाह खानसाहिब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुलजार अहमद खान डाबीपोरा इलाके में सड़क पार कर रहे थे, तभी एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उप-जिला अस्पताल खानसाहिब पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया।
हालांकि,चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर और विशेष उपचार के लिए एसएमएचएस अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल को एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। संवाद