संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर भर में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। और खेलों व मनोरंजक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार की पहलों पर प्रकाश डाला।
मंत्री इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), जम्मू-कश्मीर स्टेट सेंटर की ओर से आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। यह सेमिनार ‘’विश्व दूरसंचार और सूचना समाज दिवस 2026’’ के अवसर पर “डिजिटल लाइफ लाइन्स : एक जुड़े हुए विश्व में लचीलेपन को मजबूत करना” विषय पर आयोजित किया गया था।
इस सेमिनार में इंजीनियरों, नीति निर्माताओं, दूरसंचार पेशेवरों, विशेषज्ञों और जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने तेज़ी से आपस में जुड़ते जा रहे इस विश्व में एक लचीले डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सुरक्षा, ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी और समावेशी तकनीकी विकास के बढ़ते महत्व पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटल सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करने और डिजिटल विभाजन को पाटने के लिए पूरे जम्मू-कश्मीर में संचार इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। मंत्री ने आधुनिक तकनीकों को अपनाने और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम सुरक्षित और लचीले डिजिटल सिस्टम बनाने के महत्व पर जोर दिया।