एनडीएस स्टेडियम, लेह में रॉयल इनफील्ड आइस हॉकी लीग सीजन तीन के दौरान पुरीग वॉरियर्स बनाम शाम वॉ
- रॉयल इनफील्ड आइस हॉकी लीग सीजन-3 का 13वां दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। रॉयल इनफील्ड आइस हॉकी लीग सीजन-3 के 13वें दिन एनडीएस स्टेडियम लेह में पुरीग वॉरियर्स और चांगथांग शान्स ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
खारू फाल्कन्स ने दिन की शुरुआत जंस्कार चादर टैमर्स पर रोमांचक 6-5 की जीत के साथ की। जिगमत छोस्तार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल दागे जिसमें आखिरी मिनट में किया गया निर्णायक गोल भी शामिल था। कांग्स सिंग ने यूनाइटेड नुब्रा को 6-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की और पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। इसके बाद पुरीग वॉरियर्स ने शाम वॉल्व्स को 2-0 से हराकर कांग्स सिंग और हुमस वॉरियर्स के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश की पुष्टि की।
चांगथांग शान्स ने अपने अंतिम लीग मुकाबले में मरयुल स्पावो को 8-2 से करारी शिकस्त देकर अंतिम चार में जगह बना ली। दिन के आखिरी मुकाबले में हुमस वॉरियर्स ने शुरुआती झटके से उबरते हुए शकर चिक्तन रॉयल्स को 7-1 से हराया और कांग्स सिंग के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। लीग चरण अपने समापन की ओर बढ़ रहा है और हुमस वॉरियर्स, कांग्स सिंग, पुरीग वॉरियर्स तथा चांगथांग शान्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली शीर्ष चार टीमें बन गई हैं।
यह टूर्नामेंट लद्दाख में आइस हॉकी की बढ़ती ताकत को दर्शाता है जहां विभिन्न क्षेत्रों की टीमें प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धी बना रही हैं। साथ ही यह लीग क्षेत्र में शीतकालीन खेलों के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत कर रही है।