- बारिश और बर्फ से बचने के लिए श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम के स्टैंड पर लगाई गईं छतरियां
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कड़ी सुरक्षा और बर्फबारी के पूर्वानुमान के बीच पूरी घाटी में कई जगह आयोजन होंगे। श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में दर्शकों को पानी से बचाने के लिए स्टैंड पर छतरियां लगाई गई हैं। वहीं लाल चौक के प्रताप पार्क के बलिदान स्तंभ पर भी ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कड़ी सुरक्षा के बीच घाटी में श्रीनगर, बांदीपोरा, बारामुला, कुपवाड़ा, कुलगाम, बडगाम, अनंतनाग, गांदरबल, शोपियां और पुलवामा में स्टेडियम और पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा, कांग्रेस, अपनी पार्टी व अन्य राजनीतिक दलों और मुख्य प्रशासनिक कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया जाएगा।
रविवार को अधिकारियों ने मंच, ध्वनि प्रणाली, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं तथा अन्य लॉजिस्टिक पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियां शीर्ष स्तर की हों और सूचना विभाग, पुलिस तथा आरएंडबी की ओर से संचालित ध्वनि प्रणालियों का संचालन बिना किसी खामी के हो। केपीडीसीएल, एमईडी, आरएंडबी तथा पीएचई के मुख्य अभियंताओं ने अपने-अपने विभागों की प्रगति और तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी।