-कहा आग लगने की घटनाओं के दौरान देरी से भारी नुकसान होता है
संवाद न्यूज एजेंसी
पुलवामा। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल के आरिपल के निवासियों ने इलाके में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज स्टेशन बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी सुविधा न होने के कारण अक्सर संपत्ति का नुकसान होता है और इंसानी जान को भी गंभीर खतरा होता है।
यह मांग ऐसे समय में आई है जब कश्मीर में लंबे समय से सूखा मौसम चल रहा है जिसके कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। खासकर जंगल में आग लगने से क्षेत्र के हरे सोने को भारी नुकसान हो रहा है। हालांकि स्थानीय लोगों ने कहा कि आरिपल बहुत ज्यादा आबादी वाला और भौगोलिक रूप से बड़ा इलाका होने के बावजूद अभी भी यहां फायर स्टेशन नहीं है जिससे यह इलाका बहुत ज्यादा असुरक्षित है।
निवासियों बताया कि आग लगने की घटनाओं के दौरान दमकल की गाड़ियों को दूर-दराज के इलाकों से बुलाना पड़ता है जिससे देरी होती है और आग बेकाबू होकर फैल जाती है। एक स्थानीय निवासी इश्तियाक नबी ने कहा कि जब भी आग लगती है तो दमकल की गाड़ियों को दूसरे कस्बों से यहां पहुंचने में बहुत समय लगता है। जब तक मदद पहुंचती है तब तक घर, दुकानें या जानवर अक्सर जलकर राख हो जाते हैं।
एक अन्य निवासी ने बिलाल मकसूद ने कहा कि हाल के दिनों में आग लगने की करीब चार घटनाएं दो सप्ताह के भीतर हुई हैं जो इस मांग की गंभीरता को दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि आरिपल एक बड़ी तहसील है जिसमें कई दूर-दराज के गांव हैं। आपातकालीन स्थिति में हर मिनट मायने रखता है। स्थानीय लोगों के अनुसार घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आस-पास के जंगल वाले इलाकों में बार-बार आग लगने की घटनाएं हुई हैं लेकिन तुरंत आग बुझाने की सुविधाओं की कमी के कारण आग की लपटों को नियंत्रित करना बहुत मुश्किल हो जाता है। निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे आबादी के आकार, भौगोलिक विस्तार और क्षेत्र की संवेदनशीलता पर विचार करें और जल्द से जल्द अरिपाल में एक फायर सर्विस स्टेशन को मंजूरी दें।
सीआरपीएफ बटालियन मुख्यालय में लगी आग
श्रीनगर। शहर के करण नगर इलाके में स्थित सीआरपीएफ की 49वीं बटालियन के मुख्यालय के अंदर बने एक मंदिर में वीरवार सुबह आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार आग सुबह करीब 9:55 बजे लगी। फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग को और फैलने से रोका। उन्होंने बताया कि मंदिर के अंदर दीपक (तेल के दीये) की वजह से आग लगी। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। अधिकारी ने आगे बताया कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। संवाद