शोपियां। जिले में पुलिस ने वीरवार को नशीले पदार्थों की तस्करी से हासिल की गई अचल संपत्ति को कुर्क किया। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि विभाग की लगातार जारी कार्रवाई के तहत मोहम्मद अयूब डार निवासी त्रेंज इमाम साहिब, शोपियां की 10,07,300 मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की गई।
पुलिस के मुताबिक 14 मरला की यह संपत्ति (जो खेवट संख्या 198 और 321 के अंतर्गत आती है) नशीले पदार्थों और ड्रग्स की तस्करी से की गई कमाई से खरीदी गई थी। यह कार्रवाई थाना इमाम साहिब में दर्ज एफआईआर के संबंध में की गई। प्रवक्ता ने बताया कि संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। इस दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने कहा कि शोपियां पुलिस नशीले पदार्थों के खतरे को जड़ से खत्म करने के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराती है। इसके तहत अपराधियों और अवैध गतिविधियों से अर्जित उनकी वित्तीय संपत्तियों, दोनों को निशाना बनाया जाएगा। प्रवक्ता ने जनता से अपील की है कि नशा तस्करी या उससे जुड़ी किसी भी गतिविधि के बारे में जानकारी होने पर आगे आएं और पुलिस को सूचित करें।