संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बढ़ते ऑनलाइन टास्क स्कैम को लेकर आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ठग शुरुआत में छोटी रकम का भुगतान कर लोगों का भरोसा जीतते हैं और बाद में बड़ी राशि ठग लेते हैं।
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी साइबर सुरक्षा एडवाइजरी में पुलिस ने कहा, पहला भुगतान आपका मुनाफा नहीं, बल्कि ठगी की शुरुआत होता है। पुलिस के अनुसार इस तरह के साइबर ठगी में लोगों से ऑनलाइन उत्पादों को लाइक करने, वेबसाइटों को रेटिंग देने या छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क पूरे करने के बदले पैसे देने का लालच दिया जाता है। शुरुआत में ठग पीड़ित को थोड़ी रकम निकालने की अनुमति देकर उसका विश्वास जीतते हैं।
इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम निवेश या जमा करने के लिए कहा जाता है। एक बार पैसा जमा होने के बाद ठग संपर्क तोड़ देते हैं और पीड़ित अपनी पूरी राशि गंवा बैठता है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी ऑनलाइन ऑफर, टास्क या निवेश योजना के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अज्ञात व्यक्तियों को पैसे न भेजें और किसी भी साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन या संबंधित अधिकारियों को दें।