संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। जिले के कंगन इलाके में छतरगुल बाबा रेशी इलाके के लोगों ने ज्यादा आ रहे बिजली के बिलों के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने इन्हें असहनीय बताया। उन्होंने सरकार से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने और मुफ्त बिजली देने के अपने वादे को पूरा करने का आग्रह किया।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली के बढ़ते शुल्कों के खिलाफ नारे लगाए। साथ ही आरोप लगाया कि गरीब परिवारों को और अधिक आर्थिक संकट में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई घरों को हर महीने 1,300 से लेकर 2,000 रुपये तक के बिल आ रहे हैं जबकि वे अपनी बुनियादी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
मोहम्मद रमजान ने कहा कि हमसे वादा किया गया था कि बिजली मुफ्त होगी और गरीब परिवारों पर बोझ कम किया जाएगा। आज राहत मिलने के बजाय लोगों को भारी बिल मिल रहे हैं जिन्हें वे चुकाने में असमर्थ हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इलाके के अधिकांश निवासी दिहाड़ी मजदूरी पर गुजारा करते हैं। परिवारों के लिए भोजन का इंतजाम करने के लिए संघर्ष करते हैं।
फारूक अहमद ने कहा कि अगर हमें दिन में काम मिलता है तो हम अपने बच्चों को खाना खिला पाते हैं। अगर नहीं तो हम खाली हाथ घर लौटते हैं। ऐसी स्थिति में एक गरीब परिवार बिजली के शुल्क के रूप में 1,800 रुपये या 2,000 रुपये कैसे चुका सकता है।
उन्होंने प्रशासन और बिजली विकास विभाग (पीडीडी) से बिलिंग प्रणाली की समीक्षा करने और कम आय वाले परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करने का आग्रह किया।निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों का समाधान नहीं किया गया तो वे आने वाले दिनों में अपना प्रदर्शन और तेज करेंगे।