अमर उजाला ब्यूरो श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में हुए एक सड़क हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। जिस गाड़ी में पर्यटक सफर कर रहे थे वह सड़क से फिसलकर एक खाई में जा गिरी।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पहलगाम से अरु जाते समय मंडलन में हुआ। गाड़ी (जेके21ए-0379) दुर्घटना का शिकार हुई। उन्होंने बताया कि एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए।
घायलों में से एक ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गुजरात के रहने वाले बाविन भावसार और उनकी पत्नी अविन भावसार के रूप में हुई है। घायलों में नैना (अशोक भाई की पत्नी), अशोक व नैना दोनों गुजरात के रहने वाले और रईस अहमद भट निवासी पहलगाम को इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर कर दिया गया है।