अनंतनाग। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने अनंतनाग-पहलगाम प्रस्तावित रेल सेवा को लेकर वीरवार को गंभीर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा है कि इस रेल परियोजना से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। बागवानी से जुड़े लोगों की कमर टूट जाएगी और उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा।
इल्तिजा मुफ्ती वीरवार को वालथामा क्षेत्र में पहुंचीं जहां उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने चुनाव के दौरान लोगों से वोट तो ले लिए लेकिन जमीनी स्तर पर सत्ता दल के नेता उनकी समस्याओं के समाधान कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर ऐसे फैसले ले रही है जो स्थानीय आबादी के हितों के खिलाफ हैं। अगर इस रेल सेवा से लोगों की रोजी-रोटी खत्म होती है तो हम इस ट्रेन को यहां से निकलने नहीं देंगे। पीडीपी नेता ने रेल मंत्री से भी इस मामले में दखल देने की अपील की और कहा कि किसी भी परियोजना को लागू करने से पहले स्थानीय लोगों की सहमति और उनके रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव को गंभीरता से समझना जरूरी है।
इल्तिजा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूछा, क्या एनसी के विधायक कोमा में चले गए हैं। उन्हें यहां की अवाम की परेशानियां दिखाई नहीं देतीं। चुने हुए प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज उठाएं न कि चुप्पी साधे रहें।