अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर दशर कुंभ की आयोजन समिति ने सूचित किया है कि प्रस्तावित कश्मीर कुंभ 2026 कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। ये एक जुलाई 2026 को में गांदरबल के शादीपोरा में सिंध और झेलम नदियों के पवित्र संगम पर आयोजित होना था, लेकिन सुरक्षा मंजूरी न मिल पाने के कारण इसे पुनर्निर्धारित किया जा रहा है। इसकी नई तिथि निर्धारित कर जल्द सचित किया जाएगा।
आयोजकों ने कहा कि का हमेशा से यह मानना रहा है कि श्रद्धालुओं, संतों, विद्वानों, आगंतुकों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम के सुचारु और सफल आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। आयोजन समिति संबंधित सरकारी विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। सभी जरूरी अनुमतियां मिलने के बाद संशोधित कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और कार्यक्रम की अंतिम तारीखों के बारे में आयोजन समिति की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें। आयोजक श्रद्धालुओं, धार्मिक नेताओं, नागरिक समाज के सदस्यों और सभी हितधारकों का उनके धैर्य, सहयोग और निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हैं।