बारामुला। उड़ी के बोनियार क्षेत्र के लगभग दो दर्जन गांव पिछले 24 घंटों से अधिक समय से बिजली आपूर्ति से वंचित हैं। इससे कड़ाके की सर्दी के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार प्रभावित गांवों में बाची, लाड़ी, तारकंजन, बनहाली, बदियान, दुडरान, डारकुजन, सलासन, चोटाली, मदानन, गिगरहिल, जबदी, हिलरपर्नियान, बलासलामाबाद समेत कई अन्य गांव शामिल हैं। बिजली आपूर्ति में बाधा बीती शाम रिसीविंग स्टेशन में तकनीकी खराबी के कारण उत्पन्न हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से जारी बिजली कटौती ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, खासकर सर्द मौसम में हालात और भी कठिन हो गए हैं। एक स्थानीय निवासी ने कहा, हम कल रात से बिना बिजली के हैं। कड़ाके की ठंड में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को करीब शाम 4 बजे कुछ समय के लिए बिजली बहाल की गई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद फिर से कटौती हो गई।
इस संबंध में जब बिजली विकास विभाग के एक अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने को बताया कि शुरुआत में रिसीविंग स्टेशन में तकनीकी खराबी आई थी, जिसे सुबह ठीक कर लिया गया था। हालांकि बाद में हाई टेंशन लाइन में खराबी आ गई जिससे फिर से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
अधिकारी ने कहा, रिसीविंग स्टेशन की खराबी को दूर कर दिया गया था लेकिन इसके बाद हाई टेंशन लाइन में समस्या आ गई। उसे भी ठीक कर लिया गया है और प्रभावित गांवों में जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।