श्रीनगर। जम्मू कश्मीर टीचर्स जॉइंट एक्शन कमेटी ने मंगलवार को टैगोर हॉल श्रीनगर में कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका नेतृत्व यूटी अध्यक्ष सलीम सागर और यूटी अध्यक्ष विनोद शर्मा ने किया। इस मौके पर अध्यक्ष ने पत्रकारों को प्रमुख संगठनात्मक निर्णयों, संरचनात्मक परिवर्तनों और शिक्षक समुदाय के लंबित मुद्दों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 12 अक्तूबर को आयोजित संगठनात्मक चुनावों में सलीम सागर व विनोद शर्मा को यूट अध्यक्ष के रूप में और नजाम जाफरी काे यूटी के महासचिव के रूप में नियुक्त किया गया। संपर्क सम्मेलन के दौरान, समिति ने अपनी यूटी कार्यकारी समिति का विस्तार करने की घोषणा की। यूटी बॉडी में राकेश सिंह बंटी के शामिल होने पर महेश कुमार को जिला अध्यक्ष कठुआ के रूप में नामित किया गया। समिति ने रहबर ए तालीम पैटर्न के तहत नियुक्त शिक्षकों के लिए एक व्यापक ट्रांसफर नीति की मांग उठाई। सलीम सागर और विनोद शर्मा ने कहा कि कई शिक्षक लगभग पच्चीस वर्षों तक एक ही स्कूल में तैनात रहे हैं, जिसका प्रदर्शन पर असर पड़ता है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर नीति तैयार करने के लिए एक समिति गठित की है। संगठन ने इस कदम का स्वागत किया और सभी हितधारकों के परामर्श से नीति तैयार करने की मांग की। संवाद