श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के जदीबल से विधायक तनवीर सादिक ने वीरवार को आलमगिरी बाजार में 21.52 लाख रुपये की लागत से बनने वाली रोशनी वाली लैंडमार्क और सौंदर्यीकरण परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना में ऐतिहासिक इलाके की विरासत को दर्शाती कलात्मक कैलिग्राफी, मजबूत नींव और आकर्षक लाइटिंग शामिल है। तनवीर सादिक़ ने कहा कि पुराने श्रीनगर के सार्वजनिक स्थानों को नया जीवन देना और परंपरागत आकर्षण को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आलमगिरी बाजार का गहरा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है, इसलिए इसे विशेष विकास ध्यान मिलना चाहिए। नया लैंडमार्क इलाके की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनेगा और स्थानीय लोगों में गर्व की भावना जगाएगा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से लंबित विकास जरूरतों को पूरा करने के लिए तनवीर सादिक का आभार जताया। विधायक ने आश्वासन दिया कि जदीबल क्षेत्र में सड़क, ड्रेनेज, सार्वजनिक स्थानों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े और भी प्रोजेक्ट जल्द शुरू होंगे। संवाद