संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के बागी सांसद आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने अपने इस्तीफे का एलानकर दिया है। उन्होंने कहा है कि वह 3 नवंबर 2026 को नेशनल कॉन्फ्रेंस और श्रीनगर लोकसभा सीट दोनों से इस्तीफा दे देंगे।
एक्स पर जारी बयान में कहा गया कि शहजादा और उसका गिरोह जम्मू-कश्मीर को खानदानी जागीर समझता है। वे चाहते हैं कि लोग वोट दें और फिर अपनी औकात में रहें। हमने आर्टिकल 370 की बहाली, कैदियों की रिहाई और हकों की हिफाजत की मांग की। उन्होंने इन्हीं वादों पर सत्ता ली और फिर हमें ही मूर्ख समझा कि हम वादे पूरे होने की उम्मीद कर रहे हैं। इस अपमान में हम अपना नाम नहीं जोड़ सकते।
बेहिश्त-ए-ज़हरा पार्क में करेंगे जनसभा
बयान में कहा गया है कि रूहुल्ला 3 नवंबर को बडगाम के बेहिश्त-ए-ज़हरा पार्क में जनता को संबोधित करेंगे और वहीं औपचारिक रूप से इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि यह सीट जनता के वादे पर जीती थी, इसलिए वादा टूटने पर वे इसे अपने पास नहीं रखेंगे। रूहुल्ला ने कहा कि 3 नवंबर उनके वालिद आगा सैयद मेहदी की बरसी है, जिनकी इसी दिन हत्या हुई थी। इसी वजह से उन्होंने यह तारीख चुनी।