श्रीनगर। सांसद आगा रुहुल्ला मेहदी ने देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों को लेकर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को कुलगाम में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस के श्रीनगर सांसद ने कहा कि देश में संविधान कमजोर होने के कारण संसद, लोकतंत्र और राष्ट्रीय संस्थाएं बहुत कमजोर हो चुकी हैं। उन्होंने इन संस्थाओं को फिर से मजबूत करने और इन्हें संवैधानिक रूप से वापस हासिल करने की जरूरत पर जोर दिया।
मेहदी ने कहा कि देश की व्यवस्थाओं में भारी गिरावट आई है। उन्होंने कहा, संसद और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई संसद के भीतर से ही लड़ी जानी चाहिए। देश में कानून का शासन, स्वतंत्रता, समानता और हर धर्म-संस्कृति को सुरक्षा मिलनी चाहिए। संसद, विधानसभाओं और न्यायपालिका की मूल भावना को फिर से बहाल करने की सख्त जरूरत है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ''''सड़क पर नमाज'''' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मेहदी ने कहा कि शरिया कानून भी सड़कों को रोककर नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं देता। उन्होंने कहा कि यह मुस्लिमों के आंतरिक सुधार का मामला है और इस पर चर्चा होनी चाहिए। ब्यूरो