बांदीपोरा। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पार्टी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर जम्मू-कश्मीर को तत्काल राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ.जहूर ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य के दर्जे के समर्थन में नारे लगाए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग को उजागर करने वाले तख्तियां भी हाथों में ले रखी थीं। अपने संबोधन में डॉ. जहूर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को अपने सांविधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक पहचान की बहाली का इंतजार है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे को जल्द से जल्द पूरा करे।