श्रीनगर। नेकां के महासचिव अली मोहम्मद सागर ने शनिवार को दोहराया कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करना क्षेत्र में सतत विकास, प्रभावी शासन और स्थायी शांति स्थापित करने के लिए बेहद जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों को पार्टी मुख्यालय में संबोधित करते हुए सागर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब जनता के लोकतांत्रिक अधिकार पूरी तरह बहाल किए जाएं और क्षेत्र को एक निर्वाचित राज्य सरकार के अधिकारों से सशक्त किया जाए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में परिवर्तित किए जाने से स्थानीय शासन व्यवस्था कमजोर हुई है, प्रशासनिक कार्यक्षमता प्रभावित हुई है और कई महत्वपूर्ण निर्णय क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधियों की पहुंच से बाहर चले गए हैं। संवाद