श्रीनगर। पुराने शहर के जैनाकदल स्थित पत्थर मस्जिद के समीप वीरवार शाम एक मकान में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के जवानों की मुस्तैदी और समय पर की गई कार्रवाई के चलते आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी तबाही टल गई।
अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7:46 बजे जैनाकदल में पत्थर मस्जिद के पास एक घर में आग लगने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन फायर स्टेशनों की दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि मकान के भीतर रखे एक गैस सिलिंडर में आग लगी हुई थी। जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग को प्रभावित हिस्से तक ही सीमित रखा गया, जिससे आसपास की घनी आबादी वाले रिहायशी मकानों और शेष संपत्ति को नुकसान होने से बचा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।