श्रीनगर। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को बुलाए गए कश्मीर बंद का समर्थन किया और ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई के निधन पर शोक जताया। रविवार को एक्स पर साझा किए संदेश में उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर के निधन पर मीरवाइज उमर फारूक के कश्मीर बंद आह्वान के साथ हम अपना पूरा सपोर्ट और एकजुटता दिखाते हैं। दुख में एक साथ और विरोध में एक साथ, हम ईरान के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
इससे पहले महबूबा ने शनिवार रात को एक्स पर एक और संदेश साझा किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि ईरान और उसके हिम्मत वाले लोगों के लिए दुआएं करें क्योंकि वे इस्राइल के एक और हमले का सामना कर रहे हैं। अल्लाह ईरान को अपनी हिफाजत दे, उसके लोगों को हिम्मत और सब्र दे। ब्यूरो