संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को मेगा पद यात्रा रैली के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की। यह रैली 9 मई को अनंतनाग शहर में चल रहे नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण कश्मीर ट्रैफिक कार्यालय द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक रैली के दौरान अनंतनाग शहर के कई मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक पूरी तरह से बंद रहेगी। प्रभावित मार्गों में जनरल बस स्टैंड अनंतनाग से बटेंगू फ्रूट मंडी क्रॉसिंग, मेहंदी कदल से केपी चौक और रेलवे स्टेशन, वानपो से खानाबाल क्रॉसिंग तक शामिल हैं।
मोटर चालकों को इन घंटों के दौरान इन सड़कों पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। सड़क यातायात की सुगम गति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों ने पहलगाम और श्रीनगर व जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए मोड़ योजनाओं की घोषणा की है। श्रीनगर और जम्मू से पहलगाम जाने वाले यातायात को डूनीपोरा क्रॉसिंग से पद्शाही बाग ब्रिज, एप्पल वैली-श्रीगुफ़वारा रोड और डाइवर्शन पॉइंट के माध्यम से पहलगाम की ओर मोड़ दिया जाएगा।
इसी तरह पहलगाम से श्रीनगर या जम्मू जाने वाला यातायात लंगनबल से एप्पल वैली-श्रीगुफ़वारा रोड, पद्शाही बाग ब्रिज, बिजबिहाड़ा मार्केट और डूनीपोरा क्रॉसिंग के माध्यम से एनएच-44 की ओर मोड़ दिया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों से रैली के प्रतिभागियों के लिए इस बीच वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्थाएं भी की गई हैं। पहलगाम, ऐश्मूकाम, मट्टन और केहरीबाल क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को सरनाल क्रॉसिंग और लाईजबाल के माध्यम से जनरल बस स्टैंड पार्किंग स्लॉट तक ले जाया जाएगा।
कोकरनाग, अचबल और ब्रकपोरा से आने वाले प्रतिभागी ब्रकपोरा बायपास-शिरपोरा-जंगलत मंडी मार्ग का उपयोग करेंगे और अहली-हदीस ईदगाह और अन्य निर्दिष्ट पार्किंग क्षेत्रों जैसे हमदनिया सुमो स्टैंड और मैकेनिकल पार्किंग में पार्क करेंगे। कुलगाम-काज़ीगुंड की ओर से आने वाले वाहनों को आलस्टॉप, वानपो और रेलवे स्टेशन पार्किंग स्लॉट के मार्ग से निर्देशित किया जाएगा, जबकि बिजबिहाड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को पज़ालपोरा होकर बाटेंगो फ्रूट मंडी पार्किंग क्षेत्रों तक जाएं।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि डोरू की ओर से आने वाले वाहनों को डायलगाम बायपास–एनएच-244–आलस्टॉप–वानपो मार्ग से रेलवे स्टेशन पार्किंग स्लॉट की ओर जाएंगी।