संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन के साथ छानपोरा और एमआर गंज थाना क्षेत्रों में दवा की दुकानों की जांच की। इस दौरान ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट का उल्लंघन करने वाली चार दुकानों को सील कर दिया गया।
संयुक्त टीम ने छानपोरा में आलमगिरी बाजार में जू मेडिकल शॉप को सील कर दिया। इसे सुहैल अशरफ वानी निवासी बादशाह नगर चला रहा था। टीम ने अहमदाकदल में काकरू मेडिकल शॉप, मिर्जा कामिल चौक में मोहम्मद याकूब काकरू की दुकान को सील कर दिया। वहीं तारिक अहमद बेग की बेग मेडिकेट दुकान को सील किया गया। इसी तरह मसूद अहमद नहमा नवाबाजार में गनी फार्मेसी को भी सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक इन दुकानों पर बिना पर्चे के नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाएं बेचने और रिकॉर्ड में गड़बड़ी के आरोप थे। कुछ दुकानों पर साइकोट्रोपिक दवाओं का स्टॉक नियमों के खिलाफ पाया गया। जांच टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील कर दिया और लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना था कि शहर में नशे और दवाओं के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद नौजवानों को नशे की गिरफ्त से बचाना है। जो भी केमिस्ट बिना डॉक्टर के पर्चे के नशे की दवाएं बेचेगा या रिकॉर्ड में हेराफेरी करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं नशे का कारोबार या दवाओं की अवैध बिक्री दिखे तो तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर जानकारी दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।